Surajpur News: एक शिक्षक के भरोसे 45 बच्चों की पढ़ाई! भीम आर्मी ने कलेक्टर से लगाई गुहार, 15 दिन का अल्टीमेटम

 

सूरजपुर।

सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत सलका स्थित प्राथमिक शाला चारपारा में शिक्षकों की कमी का मामला सामने आया है। इस मुद्दे को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन की जिला इकाई ने कलेक्टर जनदर्शन में ज्ञापन सौंपकर स्कूल में अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

ज्ञापन के अनुसार, प्राथमिक शाला चारपारा में कुल दो शिक्षकों का पद स्वीकृत है, लेकिन पिछले चार वर्षों से केवल एक शिक्षक ही बच्चों को पढ़ा रहा है। बताया गया कि दूसरे शिक्षक को शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, विश्रामपुर में संलग्न कर दिया गया था और अब जबकि राज्य सरकार ने संलग्न शिक्षकों को उनकी मूल पदस्थापना पर लौटाने के निर्देश दिए हैं, इसके बावजूद संबंधित शिक्षक अब तक स्कूल वापस नहीं पहुंचे हैं।

संगठन का कहना है कि विद्यालय में करीब 45 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। ऐसे में एक शिक्षक के भरोसे सभी कक्षाओं का संचालन करना संभव नहीं है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। भीम आर्मी ने इसे विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन

जिला प्रभारी राजू कुमार राजवाड़े ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में मांग की है कि प्राथमिक शाला चारपारा में प्रधानपाठक के अलावा दो अतिरिक्त शिक्षकों की पदस्थापना की जाए। उन्होंने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर मांग पूरी नहीं की गई तो भीम आर्मी भारत एकता मिशन की जिला इकाई प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।