रायगढ़।
रायगढ़ पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अवैध कबाड़ कारोबार पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी अभियान के तहत पूंजीपथरा और जूटमिल थाना पुलिस ने तीन अलग-अलग कार्रवाई में दो ट्रक और एक माजदा वाहन से भारी मात्रा में संदिग्ध स्क्रैप कबाड़ जब्त किया है। जब्त वाहनों और कबाड़ की कुल अनुमानित कीमत करीब 48 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहली कार्रवाई: माजदा वाहन से टिन स्क्रैप जब्त
15 जुलाई को पूंजीपथरा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तमनार चौक में घेराबंदी कर माजदा वाहन (CG-12-AY-0313) को रोका। वाहन की जांच में करीब 3 टन 390 किलो टिन स्क्रैप मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 91,530 रुपये आंकी गई। चालक देवेन्द्र तिवारी (58) वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने करीब 5 लाख रुपये कीमत के वाहन सहित स्क्रैप जब्त कर मामला दर्ज किया।
दूसरी कार्रवाई: ट्रक में मिला भारी मात्रा में स्क्रैप
16 जुलाई को जूटमिल थाना पुलिस ने कबीर चौक क्षेत्र में ट्रक (CG-13-AB-9599) की जांच की। ट्रक में भारी मात्रा में लोहे और टिन का स्क्रैप मिला। चालक महेन्द्र यादव (34), निवासी पलामू (झारखंड) माल से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। तौल के दौरान ट्रक सहित कुल वजन 40,630 किलोग्राम पाया गया। स्क्रैप की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई।
तीसरी कार्रवाई: ओडिशा नंबर ट्रक भी पकड़ा गया
इसी दिन छातामुड़ा गांव के पास रायगढ़-सारंगढ़ मुख्य मार्ग पर पुलिस ने ओडिशा नंबर ट्रक (OR-15-S-0187) को रोका। जांच में उसमें भी भारी मात्रा में लोहे और टिन का स्क्रैप मिला। चालक दुर्योधन पाणिग्रही (52), निवासी बरगढ़ (ओडिशा) कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। तौल में ट्रक सहित कुल वजन 35,410 किलोग्राम पाया गया, जबकि स्क्रैप की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई।
पुलिस की कार्रवाई जारी
तीनों मामलों में पुलिस ने वाहन और स्क्रैप जब्त कर संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी की संपत्ति के परिवहन और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
