गर्भवती पत्नी से झगड़े के बीच खूनी हमला! बीच-बचाव करने पहुंची साली पर चाकू से वार, आरोपी के खिलाफ जांच शुरू

रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने जीजा रियाज खान पर अश्लील गाली-गलौज करने और चाकू मारकर घायल करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गर्भवती पत्नी से हो रहा था विवाद

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़िता राजा तालाब स्थित ईमाम बाड़ा के पास किराए के मकान में रहती है और एक बर्तन दुकान में काम करती है। उसकी बहन तनूजा का अपने पति रियाज खान से विवाद चल रहा था, जिसके कारण वह कुछ समय से अपनी बहन के घर रह रही थी।

पीड़िता का आरोप है कि 2 अगस्त 2026 की दोपहर जब वह काम से लौटकर घर पहुंची, तब रियाज खान अपनी पत्नी तनूजा से झगड़ा कर रहा था। शिकायत के मुताबिक, विवाद चार माह की गर्भवती पत्नी से गर्भपात कराने की बात को लेकर हो रहा था।

बीच-बचाव करना पड़ा भारी

शिकायत के अनुसार, जब पीड़िता ने दोनों के बीच हस्तक्षेप कर विवाद शांत कराने की कोशिश की, तो आरोपी कथित तौर पर उस पर भड़क गया। आरोप है कि उसने पहले अश्लील गाली-गलौज की और फिर हाथ में मौजूद चाकू से हमला कर दिया, जिससे महिला के बाएं पेट के पास चोट आई।

परिजनों के सामने हुई घटना

पीड़िता ने बताया कि घटना के समय उसकी बहन तनूजा, तन्नू और परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने पूरी घटना देखी।

पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

घटना के बाद पीड़िता ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस का कहना है कि मामले में सभी संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटना में इस्तेमाल किए गए चाकू सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

You missed