अंबिकापुर और बलरामपुर में ताबड़तोड़ कार्रवाई, 130 नशीले इंजेक्शन जब्त, दोनों आरोपी NDPS एक्ट में गिरफ्तार होकर पहुंचे जेल

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में नशीले इंजेक्शनों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन” के तहत आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने महज 24 घंटे के भीतर नशीले इंजेक्शन के एक विक्रेता और उसके सप्लायर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 130 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।

मुखबिर की सूचना पर अंबिकापुर में दबिश

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को 30 जुलाई को सूचना मिली थी कि कुसमी (जिला बलरामपुर) निवासी अविनाश पैकरा अंबिकापुर के शांतिपारा इलाके में किराए के मकान में रहकर नशीले इंजेक्शनों की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही आबकारी टीम ने मौके पर दबिश दी।

टीम को देखते ही एक युवक बैग लेकर भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अविनाश पैकरा बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 15 REXOGESIC इंजेक्शन और 15 AVIL इंजेक्शन बरामद हुए। इसके बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।

पूछताछ में खुला सप्लायर का राज

पूछताछ में अविनाश ने खुलासा किया कि वह नशीले इंजेक्शन रामचंद्रपुर (बलरामपुर) के अनपारा निवासी अमर विश्वकर्मा उर्फ बिट्टू से खरीदकर लाता था। इस जानकारी के आधार पर आबकारी टीम ने अगले ही दिन बलरामपुर जिले में दबिश दी।

जंगल से दबोचा गया सप्लायर

31 जुलाई को रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने विमलापुर के जंगल में घेराबंदी कर अमर विश्वकर्मा उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 50 REXOGESIC इंजेक्शन और 50 AVIL इंजेक्शन बरामद किए गए।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई, दोनों भेजे गए जेल

दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

90% तस्कर पहले ही जा चुके हैं जेल

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि “ऑपरेशन क्लीन” के तहत यह बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि अंबिकापुर के लगभग 90 प्रतिशत नशीले इंजेक्शन विक्रेता पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। अब कुछ तस्कर बलरामपुर और सूरजपुर से नशीले इंजेक्शन लाकर कारोबार करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन आबकारी विभाग की उन पर कड़ी नजर है और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक टी.आर. केहरी, सहायक उपनिरीक्षक रमेश दुबे, प्रधान आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पाण्डेय, रणविजय सिंह, रोहित सोनवानी, महिला सैनिक राजकुमारी सिंह और चंद्रावती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।