रायगढ़ में देर रात पुलिस का बड़ा एक्शन! मकान पर छापा, कथित सेक्स रैकेट का खुलासा, महिला हिरासत में

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने कथित देह व्यापार की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लाल टंकी क्षेत्र स्थित एक मकान पर छापा मारा। साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम की इस कार्रवाई में एक महिला को हिरासत में लिया गया है, जबकि दो युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिली हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कोतवाली थाना क्षेत्र के लाल टंकी इलाके में एक मकान से कथित देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की।

छापे में महिला हिरासत में, दो युवतियां मिलीं

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसका नाम लक्ष्मी बताया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि वह कथित तौर पर इस गतिविधि के संचालन में शामिल हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

मौके पर दो युवतियां भी मिलीं, जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक युवती कोतवाली थाना क्षेत्र और दूसरी भूपदेवपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है।

आपत्तिजनक सामग्री मिलने की भी चर्चा

सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान पुलिस को कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है। हालांकि बरामद सामग्री और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की आधिकारिक जानकारी पुलिस द्वारा अभी साझा नहीं की गई है।

आज हो सकता है आधिकारिक खुलासा

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस कथित नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं। संभावना जताई जा रही है कि जांच पूरी होने के बाद पुलिस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा करेगी।

नोट: यह समाचार पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई और उपलब्ध जानकारी पर आधारित है। कथित देह व्यापार और संबंधित आरोपों की अंतिम पुष्टि पुलिस जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होगी।