3 साल की फरारी के बाद अब खुलेंगे बड़े राज? शराब घोटाले में रामगोपाल अग्रवाल से EOW की मैराथन पूछताछ जारी

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कथित शराब घोटाले समेत कई आर्थिक अनियमितताओं से जुड़े मामलों में प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW)-एसीबी की पूछताछ लगातार जारी है। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार, रामगोपाल अग्रवाल से कथित शराब घोटाला, कोयला, कस्टम मिलिंग और डीएमएफ से जुड़े मामलों में अलग-अलग जांच अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। जांच एजेंसी उनकी करीब तीन वर्षों की फरारी के दौरान ठिकानों और गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।

जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि फरारी के दौरान वे छत्तीसगढ़ में थे या विदेश में। इस संबंध में उनके बेटे वैभव अग्रवाल से भी पूछताछ की गई थी। वैभव ने दावा किया कि उनके पिता राज्य से बाहर नहीं गए और अधिकांश समय धमतरी में रहे। हालांकि, जांच एजेंसी इस दावे का स्वतंत्र रूप से सत्यापन कर रही है। सूत्रों के मुताबिक एजेंसी को उनके विदेश, विशेषकर दुबई में रहने की संभावना से जुड़े इनपुट भी मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।

बताया गया कि 7 जुलाई को रामगोपाल अग्रवाल EOW-एसीबी कार्यालय पहुंचे, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें विशेष अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 17 जुलाई तक EOW-एसीबी रिमांड पर भेजा है। पूछताछ के दौरान उनके वकील को मौजूद रहने की अनुमति दी गई है।

इस बीच मामले पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने कहा कि जांच एजेंसियां उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही हैं और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अंतिम निर्णय न्यायालय करेगा।

वहीं, कांग्रेस और भाजपा के बीच इस मामले को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। भाजपा ने कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाए हैं, जबकि जांच एजेंसी पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से पड़ताल कर रही है। फिलहाल सभी की नजर EOW की पूछताछ और उससे सामने आने वाले संभावित खुलासों पर टिकी हुई है।