महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी, अब तक ₹18,805.83 करोड़ सीधे खातों में ट्रांसफर; ई-केवाईसी जल्द पूरा करने के निर्देश।

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के तहत शनिवार को 29वीं किस्त जारी कर दी गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से 66 लाख से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 626.25 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मौजूद रहीं।

किस्त जारी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना आज महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक स्वावलंबन की नई पहचान बन चुकी है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब तक 29 किस्तों में कुल 18,805.83 करोड़ रुपये सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजे जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण का जो अभियान देशभर में चल रहा है, छत्तीसगढ़ सरकार उसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों के दौरे के दौरान महिलाओं ने उन्हें बताया कि इस योजना से मिली राशि ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, कई महिलाओं ने इस आर्थिक सहायता से छोटे व्यवसाय शुरू किए, कुछ ने सिलाई-कढ़ाई और स्वरोजगार अपनाया, जबकि बड़ी संख्या में परिवारों ने इस राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में किया है। उन्होंने कहा कि ये अनुभव योजना की सफलता और उसके सामाजिक प्रभाव को दर्शाते हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ई-केवाईसी प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी कर शत-प्रतिशत पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से बस्तर संभाग में इस कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से पूरे प्रदेश में लागू है। इस योजना के तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है। सरकार का कहना है कि इस योजना से महिलाओं को नियमित आर्थिक संबल मिलने के साथ-साथ परिवार के पोषण, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, कुपोषण एवं एनीमिया की रोकथाम और स्वरोजगार जैसी गतिविधियों को भी नई मजबूती मिली है।