नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियानों के प्रमुख चेहरों में शामिल वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पी. सुंदरराज ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में इंस्पेक्टर जनरल (IG) का पदभार ग्रहण कर लिया। नई जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया, जिसने उनके समर्थकों और सहयोगियों का ध्यान खींच लिया।
पदभार ग्रहण करने के बाद सुंदरराज ने लिखा, “राह नई है, लेकिन सेवा का संकल्प वही है। आप सभी का स्नेह और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति और प्रेरणा है।” उन्होंने कहा कि एनआईए में यह उनकी नई यात्रा की शुरुआत है और अब तक मिले सहयोग, मार्गदर्शन, मित्रता और अनुभव उनके नए दायित्व में भी प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।
उन्होंने अपने सभी शुभचिंतकों, सहयोगियों और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका विश्वास और प्रोत्साहन हमेशा उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नई जिम्मेदारी को भी वे पूरी निष्ठा, विनम्रता और राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ निभाएंगे।
बस्तर में नक्सल विरोधी अभियान का रहे मजबूत चेहरा
वर्ष 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी पी. सुंदरराज लंबे समय तक बस्तर रेंज के आईजी रहे। उनके नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने नक्सल प्रभावित इलाकों में कई बड़े अभियान चलाए, जिससे माओवादी संगठन को लगातार झटके लगे।
उनकी रणनीति केवल सुरक्षा अभियानों तक सीमित नहीं रही, बल्कि उन्होंने खुफिया तंत्र को मजबूत करने, स्थानीय युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, नए सुरक्षा कैंप स्थापित करने और सड़क व विकास कार्यों को गति देने पर भी विशेष जोर दिया। अबूझमाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की पहुंच बढ़ाने और बड़ी संख्या में नक्सलियों के आत्मसमर्पण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अब एनआईए में नई जिम्मेदारी के साथ पी. सुंदरराज से राष्ट्रीय स्तर पर भी सुरक्षा और जांच तंत्र को नई मजबूती मिलने की उम्मीद की जा रही है।
