CG Railway News : रायपुर को मिली 175 करोड़ की बड़ी सौगात! रेलवे का ऐसा प्रोजेक्ट, जो बदल देगा पूरे प्रदेश का नेटवर्क

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को रेलवे अधोसंरचना के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। केंद्र सरकार ने 250 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के लिए अतिरिक्त होमिंग सुविधाओं के निर्माण हेतु 175 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेलवे विकास अभूतपूर्व गति से आगे बढ़ रहा है। उनके अनुसार, केंद्र सरकार की यह स्वीकृति राज्य के रेल नेटवर्क को अधिक आधुनिक, सक्षम और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद रायपुर में इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के रखरखाव की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों के संचालन में दक्षता बढ़ेगी, रेलवे परिचालन अधिक प्रभावी होगा और भविष्य की बढ़ती परिवहन आवश्यकताओं को पूरा करने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख रेल, औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के अनुरूप ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण को भी नई गति मिलेगी।

यह परियोजना राज्य की रेलवे अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ-साथ औद्योगिक विकास, माल परिवहन और निवेश की संभावनाओं को भी बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।