धमतरी में कांग्रेस का जोरदार हंगामा! गिरफ्तारी से भड़के कार्यकर्ता, पुतला दहन के दौरान पुलिस से हुई नोकझोंक

 

धमतरी। कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में धमतरी में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में गांधी मैदान के पास जुटे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार का पुतला दहन किया गया और जमकर नारेबाजी हुई। प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय गरमा गया, जब पुलिस ने पुतला दहन रोकने की कोशिश की, जिससे कुछ देर के लिए पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने और उन्हें प्रताड़ित करने के लिए किया जा रहा है। इसी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर गिरफ्तारी का विरोध जताया।

‘जांच एजेंसियों का हो रहा दुरुपयोग’

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जांच एजेंसियों की निष्पक्षता बेहद जरूरी है, लेकिन केंद्र सरकार केंद्रीय एजेंसियों का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए ईडी जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है।

हालांकि, पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुई हल्की नोकझोंक के बाद स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, पूर्व विधायक लेखराम साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

SEO Title: धमतरी में रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला दहन के दौरान पुलिस से नोकझोंक।