शाम होते ही मची चीख-पुकार… कुछ ही मिनटों में राख हो गया पूरा घर, अब सिर छिपाने तक की जगह नहीं

 

सुकमा। जिले के जिरमपाल पंचायत अंतर्गत डब्बारास गांव में सोमवार शाम हुए भीषण अग्निकांड ने एक परिवार को पलभर में बेघर कर दिया। अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखा नकद, जरूरी दस्तावेज, कपड़े और घरेलू उपयोग का पूरा सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 6 बजे अचानक मकान में आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि परिवार को सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका और पूरा मकान जल गया।

इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार के पास रोजमर्रा के उपयोग का सामान तक नहीं बचा है। रहने के लिए घर नहीं होने से परिवार के सामने जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत पहुंचाने की मांग की है। उन्होंने पीड़ित परिवार को खाद्यान्न, तिरपाल, कपड़े और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ आर्थिक सहायता देने की अपील की है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन से नुकसान का आकलन कर जल्द राहत प्रदान किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। एक ही हादसे ने पूरे परिवार की वर्षों की मेहनत और आशियाना पलभर में राख कर दिया।