रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला स्थित थ्री डी फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट के बाद राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। हादसे में तीन मजदूरों की मौत के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। वहीं फैक्ट्री को तत्काल बंद कर जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, उरला स्थित थ्री डी फैक्ट्री में फेरो अलॉय का निर्माण किया जाता है। मंगलवार शाम करीब 6 बजे फेरो एलॉयज डिवीजन में संचालित फर्नेस में लान्सिंग के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना भीषण था कि तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि घटना बेहद दुखद है। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री को बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जा रहा है और भविष्य में औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बताया कि मृतकों के परिजनों के लिए 30-30 लाख रुपये मुआवजे का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं और जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
SEO Keywords: रायपुर फैक्ट्री ब्लास्ट, उरला थ्री डी फैक्ट्री, CM विष्णुदेव साय, 30 लाख मुआवजा, फैक्ट्री हादसा, छत्तीसगढ़ न्यूज, उरला ब्लास्ट.
