सरगुजा के NH-43 पर दिल दहला देने वाला हादसा, हेलमेट पहनने से एक युवक की बची जान, दोनों आरोपी वाहन चालक मौके से फरार।

 

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में रविवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर एक ऐसा दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। पहले तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी और अगले ही पल सड़क पर गिरे दो युवकों को एक अज्ञात ट्रक ने कुचल दिया। इस भयावह हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, बतौली थाना क्षेत्र के बासेन में रविवार रात करीब 8:30 बजे मानपुर निवासी नान्हू (30), जयप्रकाश (35) और अकलसाय (25) बाइक क्रमांक CG-15-DW-1719 से रायगढ़ जिले के कापू से अपने गांव मानपुर लौट रहे थे। इसी दौरान सीतापुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही बाइक के पीछे बैठे नान्हू और जयप्रकाश सड़क पर जा गिरे। तभी अंबिकापुर की ओर से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद पिकअप और ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गए।

हादसे के समय बाइक चला रहे अकलसाय ने हेलमेट पहन रखा था, जिसके कारण उसकी जान बच गई। हालांकि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों और डायल-112 की टीम ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार पिकअप व ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।