Ambikapur: अंबिकापुर में आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम ने अवैध महुआ शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गंगापुर के नालापारा निवासी विजय गिरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर पर छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में महुआ लाहन, अवैध शराब और शराब बनाने की भट्ठी बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।
जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को संभागीय आबकारी उड़नदस्ता कार्यालय को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नालापारा गंगापुर निवासी विजय गिरी अपने घर में बड़े पैमाने पर महुआ शराब बनाकर रखे हुए है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम ने तत्काल आरोपी के घर पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान टीम ने घर के एक कमरे से 15 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब, 200 किलोग्राम महुआ लाहन और मौके पर एक चालू भट्ठी बरामद की। बरामद सामग्री को जब्त कर आरोपी विजय गिरी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने किया। अभियान में आबकारी उपनिरीक्षक रमेश दुबे, प्रधान आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक रोहित सोनवानी तथा महिला सैनिक राजकुमारी सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
