जमीन विवाद के पीछे चल रहा था खेल? कब्जा दिलाने के नाम पर पैसों की मांग, शिकायत पहुंचते ही पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

जांजगीर-चांपा। जिले में जमीन विवाद सुलझाने और कब्जा दिलाने के नाम पर कथित रूप से पैसों की मांग करने वाले एक पुलिसकर्मी पर गाज गिर गई है। शिकायत सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल कार्रवाई कर संबंधित हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, चौकी पंतोरा में पदस्थ प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी पर आरोप है कि उन्होंने क्षेत्र के एक आवेदक से विवादित भूमि पर कब्जा दिलाने के एवज में रुपये की मांग की थी। मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंची तो पूरे घटनाक्रम ने तूल पकड़ लिया।

शिकायत और प्रारंभिक जानकारी मिलने के बाद जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एसपी ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए अकलतरा एसडीओपी प्रदीप कुमार सोरी को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।

पुलिस विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना ने एक बार फिर जमीन विवादों में कथित लेन-देन और पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब सभी की नजर जांच पर टिकी है कि आरोपों में कितनी सच्चाई सामने आती है और मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।