पेंड्रा। जिला जेल पेंड्रारोड से दुष्कर्म के एक आरोपी के फरार होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। सुबह जेल की दीवार फांदकर भागा बंदी पूरे दिन पुलिस और जेल प्रशासन को छकाता रहा, लेकिन आखिरकार शाम होते-होते रेलवे स्टेशन परिसर में उसकी तलाश पूरी हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर दोबारा जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, पेंड्रा थाना क्षेत्र के बचरवार गांव निवासी कुलदीप राठौर उर्फ पटेल को दुष्कर्म के मामले में 10 जून को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेजा गया था। बुधवार सुबह करीब 7 बजे जेल में कैदियों को दैनिक दिनचर्या के लिए बैरक से बाहर निकाला गया। इसी दौरान आरोपी ने मौका देखकर जेल की दीवार फांद दी और फरार हो गया।
कैदी के भागने की खबर मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। तत्काल गौरेला पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस और जेल स्टाफ की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। कई घंटों तक चली खोजबीन के बाद शाम करीब 4 बजे पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन परिसर से आरोपी को दबोच लिया गया।
जेल प्रहरी अखिलेश पांडेय की शिकायत पर फरार बंदी कैदी क्रमांक 11726 के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 262 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पुनः न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल कर दिया गया।
इस घटना ने जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि जेल से बंदियों के फरार होने की यह तीसरी घटना है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद जेल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं।
थाना प्रभारी शनिप रात्रे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिवत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और उसे दोबारा न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। वहीं अब जांच का विषय यह भी है कि आखिर एक बंदी इतनी आसानी से जेल की दीवार फांदकर बाहर कैसे निकल गया।
