एक आदेश ने बदला विभागीय समीकरण, तत्काल प्रभाव से पदभार संभालने के निर्देश
रायपुर। छत्तीसगढ़ के खाद्य विभाग में शुक्रवार देर शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। विभाग द्वारा जारी आदेश में आधा दर्जन खाद्य अधिकारियों के तबादले किए गए हैं, जिससे कई जिलों में विभागीय जिम्मेदारियों का नया बंटवारा हो गया है। खास बात यह है कि कुछ स्थानों पर नियमित खाद्य अधिकारियों की जगह प्रभारी व्यवस्था लागू की गई है, जिसे लेकर विभागीय गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
जारी आदेश के अनुसार आशीष चतुर्वेदी को जशपुर से महासमुंद स्थानांतरित किया गया है, जबकि अरुण मेश्राम को राजनांदगांव से जशपुर भेजा गया है। शिवेंद्र कामठे को सरगुजा से संचालनालय में पदस्थ किया गया है।
वहीं संचालनालय में पदस्थ सहायक खाद्य अधिकारी (एएफओ) देवेन्द्र बग्गा को प्रभारी खाद्य अधिकारी के रूप में कबीरधाम-खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जतिन देवांगन को एमसीबी से बस्तर और सुरेश साहू को दुर्ग से दंतेवाड़ा भेजा गया है।
आदेश में यह भी उल्लेख है कि शिवेंद्र कामठे के स्थान पर एएफओ चित्रकांत ध्रुव को प्रभारी खाद्य अधिकारी सरगुजा बनाया गया है। विभाग के इस निर्णय को लेकर चर्चा इसलिए भी तेज है क्योंकि नियमित खाद्य अधिकारी के स्थान पर प्रभारी अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
खाद्य विभाग ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। इस तबादला आदेश के बाद कई जिलों में विभागीय कार्यप्रणाली और प्रशासनिक समीकरणों में बदलाव देखने को मिल सकता है।
