ऑपरेशन थिएटर में चीखती रही महिला… फिर डॉक्टर ने जड़ दिया थप्पड़! अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में नसबंदी के दौरान सनसनीखेज आरोप

अंबिकापुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां नसबंदी ऑपरेशन के दौरान एक महिला मरीज के साथ कथित तौर पर बदसलूकी किए जाने का आरोप लगा है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा मच गया और पीड़ित महिला के परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

परिजनों के मुताबिक महिला का नसबंदी ऑपरेशन किया जा रहा था, लेकिन उसे सही तरीके से एनेस्थीसिया नहीं दिया गया। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान महिला दर्द से तड़पती रही और असहनीय पीड़ा के कारण हाथ-पैर हिलाने लगी। इसी दौरान ऑपरेशन कर रहे डॉक्टर ने संवेदनशीलता दिखाने के बजाय महिला को थप्पड़ मार दिया।

घटना की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया। परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि पीड़ित महिला पिछले कई दिनों से नसबंदी ऑपरेशन के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल के चक्कर काट रही थी, लेकिन समय पर इलाज नहीं मिल रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधक Dr. J.K. Railwani सामने आए और स्थिति को संभालने की कोशिश की। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि पूरे मामले में संबंधित डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगा गया है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों के साथ व्यवहार को लेकर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं परिजन दोषी डॉक्टर पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।