NH-130 पर मौत का तांडव! खड़ी ट्राला में घुसी तेज रफ्तार पिकअप, केबिन में फंसे क्लीनर की दर्दनाक मौत

उदयपुर/सरगुजा। नेशनल हाईवे-130 पर सोमवार सुबह ऐसा दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसने देखने वालों के रोंगटे खड़े कर दिए। रायपुर से अंबिकापुर की ओर आम लेकर जा रही एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्राला में जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें फंसे क्लीनर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

यह हादसा उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डांडगांव स्थित प्रिंस ढाबा के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि पिकअप चालक सामने से तेज रफ्तार में आ रहे वाहन को बचाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वाहन बेकाबू होकर ढाबे के सामने खड़ी ट्राला से जा टकराया। टक्कर के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे में पिकअप में सवार क्लीनर केबिन के अंदर बुरी तरह फंस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना खौफनाक था कि वाहन का अगला हिस्सा लोहे के ढेर में बदल गया। मृतक की पहचान रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र निवासी खुर्सी के रूप में हुई है। वहीं हादसे के तुरंत बाद सामने से आ रहा हाईवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह, सहायक उप निरीक्षक लीनूस लकड़ा और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पिकअप में शव बुरी तरह फंसा होने के कारण राहत टीम को गैस कटर बुलाना पड़ा। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद सुबह लगभग 10 बजे वाहन की बॉडी काटकर शव को बाहर निकाला जा सका।

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर भेजा गया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे में पिकअप चालक को मामूली चोटें आई हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि NH-130 पर तेज रफ्तार और लापरवाही अब जानलेवा बन चुकी है। आए दिन हो रहे हादसों के बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिससे लोगों की जान लगातार खतरे में पड़ रही है।