रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बावजूद चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीते 24 घंटे के भीतर तीसरी वारदात सामने आने से शहर में दहशत का माहौल बन गया है।
ताजा मामला विधानसभा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव स्थित बाजार चौक का है, जहां एक युवक पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला किया गया। जानकारी के मुताबिक कोसरंगा निवासी हर्ष पाल वर्कशॉप से काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपी समीर जोशी ने बाइक से उसका पीछा किया और मौका मिलते ही उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले के दौरान हर्ष पाल ने खुद को बचाने की कोशिश की और चाकू के वार को हाथों से रोकने का प्रयास किया, जिससे उसके दोनों हाथों में गंभीर चोटें आईं। इसके अलावा पेट पर भी वार किए जाने की जानकारी सामने आई है। खून से लथपथ हालत में उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी तेलीबांधा थाना क्षेत्र के श्यामनगर और विधानसभा थाना क्षेत्र के सड्डू इलाके में इसी तरह की चाकूबाजी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही इन वारदातों ने राजधानी में भय का माहौल पैदा कर दिया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सख्त कानून व्यवस्था के दावे किए जा रहे हैं, तो आखिर चाकू लेकर सड़कों पर घूम रहे बदमाशों पर लगाम क्यों नहीं लग पा रही। क्या ये घटनाएं किसी बड़े गिरोह की तरफ इशारा कर रही हैं या फिर सिस्टम की कहीं बड़ी चूक सामने आ रही है—इसका जवाब फिलहाल जांच के बाद ही सामने आएगा।