10 लाख लेकर मुंशी फरार! भरोसे का ऐसा धोखा कि कारोबारी के उड़े होश, अब पुलिस तलाश में

रायपुर। राजधानी रायपुर में भरोसे को तोड़ने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गंज थाना क्षेत्र में एक कारोबारी का मुंशी 10 लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गया, जिसके बाद पीड़ित कारोबारी ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार देवेंद्र नगर निवासी कारोबारी विजय गोयल की आयरन एंड स्टील ट्रेडिंग की कंपनी है, जिसका कार्यालय स्टेशन रोड स्थित अरिहंत ऑफिस में संचालित होता है। कारोबारी ने कंपनी के पैसों की वसूली और बैंक में जमा करने की जिम्मेदारी अपने मुंशी अनिल साल्वे को दी थी।

बताया जा रहा है कि अनिल साल्वे ने कंपनी की अलग-अलग पार्टियों से करीब 10 लाख रुपए नकद वसूले, लेकिन रकम को बैंक में जमा करने के बजाय वह अचानक फरार हो गया। जब कारोबारी ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला।

धोखाधड़ी का अंदेशा होने पर विजय गोयल ने तुरंत गंज थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी अनिल साल्वे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

गंज थाना प्रभारी सुनील दास ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी शहर में ही छिपा है या कहीं बाहर भाग गया है।