राजधानी में दहशत! मंत्रालयीन कर्मचारियों के परिवार निशाने पर — घरों पर ताबड़तोड़ पत्थरबाजी, सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

नवा रायपुर में तड़के हमला, टूटे शीशे… थाने के सामने फूटा कर्मचारियों का गुस्सा

रायपुर | Raipur News
छत्तीसगढ़ की राजधानी से सटे नवा रायपुर में शनिवार तड़के जो हुआ, उसने मंत्रालयीन कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अज्ञात बदमाशों ने मंत्रालय कर्मचारियों के कई घरों पर जमकर पत्थरबाजी की, जिससे करीब एक दर्जन से अधिक घरों के शीशे चकनाचूर हो गए। घटना के बाद कॉलोनी में डर और आक्रोश का माहौल है।

सुबह 5 बजे मचाया उत्पात

मिली जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 5 बजे की है। 8 से 10 असामाजिक तत्वों के एक झुंड ने अचानक कॉलोनी में घुसकर घरों को निशाना बनाया। पत्थरबाजी के साथ-साथ कुछ घरों के गेट तोड़ने की भी कोशिश की गई। अचानक हुए इस हमले से कई परिवार सहम गए।

थाने के सामने नारेबाजी

घटना से भड़के मंत्रालयीन कर्मचारियों ने सुबह ही संबंधित थाने के सामने प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने

  • मंत्रालय कर्मचारियों व उनके परिवारों को तत्काल सुरक्षा,

  • आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी,

  • और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई
    की मांग की।

खुलेआम नशाखोरी, पुलिस पर उठे सवाल

कर्मचारियों का आरोप है कि कॉलोनी के आसपास खुलेआम नशाखोरी होती है। इसको लेकर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि अगर समय रहते सख्ती होती, तो आज यह हालात नहीं बनते।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे आंदोलन को और उग्र करेंगे। अब सवाल यह है कि राजधानी के इतने सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में अगर मंत्रालय कर्मचारियों के परिवार ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा?