देश सेवा और करियर के लिए युवतियों को मिलेगा मौका, 33 जिलों की चयनित अभ्यर्थियां शामिल होंगी
रायपुर | Women Army Police Recruitment Rally
भारतीय सेना में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, सेना भर्ती कार्यालय जबलपुर (म.प्र.) द्वारा महिला सेना पुलिस पद के लिए भर्ती रैली आयोजित की जा रही है। यह रैली 23 फरवरी 2026 को पुलिस ग्राउंड झिंझरी, कटनी में आयोजित होगी। इसमें छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों की चयनित महिला अभ्यर्थी भाग लेंगी।
कॉमन एंट्रेंस एग्जाम पास उम्मीदवारों को मिलेगा मौका
महिला सेना पुलिस भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत भारतीय सेना ने 30 जून से 10 जुलाई 2025 के बीच ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) आयोजित किया था। इस परीक्षा में सफल घोषित महिला उम्मीदवारों को ही रैली में शारीरिक दक्षता परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन और अन्य चयन प्रक्रियाओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
24 फरवरी को चिकित्सकीय जांच
भर्ती रैली में शारीरिक दक्षता और दस्तावेज सत्यापन में सफल उम्मीदवारों की 24 फरवरी 2026 को सेना अस्पताल, जबलपुर में चिकित्सकीय जांच कराई जाएगी। चिकित्सकीय रूप से पूरी तरह स्वस्थ पाए जाने पर ही उम्मीदवारों का अंतिम चयन सुनिश्चित होगा।
एडमिट कार्ड और दस्तावेज़ जरूरी
भर्ती रैली में भाग लेने वाली योग्य महिला उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जारी कर दिए गए हैं। प्रवेश पत्र उम्मीदवारों के पंजीकृत ई-मेल आईडी पर भी भेजे गए हैं।
उम्मीदवारों को रैली स्थल पर एडमिट कार्ड, सभी मूल शैक्षणिक व पहचान संबंधी दस्तावेज तथा आधार कार्ड से लिंक मोबाइल फोन साथ लाना अनिवार्य है।
छत्तीसगढ़ की बेटियों के लिए सुनहरा अवसर
यह भर्ती रैली छत्तीसगढ़ की युवतियों के लिए अनुशासन, सम्मान और देश सेवा के क्षेत्र में करियर बनाने का स्वर्णिम अवसर प्रस्तुत करती है। बड़ी संख्या में चयनित अभ्यर्थियों की भागीदारी इसे राज्य स्तर पर विशेष महत्व देती है।
👉 छत्तीसगढ़ की बेटियां अब देश सेवा के लिए कदम बढ़ाने का यह मौका हाथ से जाने न दें।
