रायगढ़: स्कूटी सवार किशोरी के साथ छेड़खानी, अधेड़ आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़: महिला थाना पुलिस ने 40 वर्षीय बजरंग चौहान को गिरफ्तार किया, जिसने स्कूटी सवार किशोरी के साथ छेड़छाड़ की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी को आज न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

पीड़ित किशोरी ने 09 जनवरी 2026 को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई कि वह 08 जनवरी की शाम लगभग 7.30 बजे अपनी मां को लेने आईटीआई कॉलोनी चक्रधरनगर से स्कूटी पर जा रही थी। तभी सिटी कॉलेज बेलादुला के पास मुस्लिम कब्रिस्तान के सामने सुनसान सड़क पर बजरंग चौहान मोटरसाइकिल से पीछा करता हुआ आया। उसने किशोरी के स्वेटर को खींचा, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

घबराई किशोरी कमला नेहरू पार्क पहुंचकर अपनी मां को सूचना दी। कुछ समय बाद आरोपी वहां भी पहुंचा और गालियां देने लगा। शिकायत के आधार पर महिला थाना ने अपराध क्रमांक 01/2026 दर्ज किया, जिसमें धारा 78, 74, 75(2), 76, 296, 351(3) बीएनएस एवं 8 पोक्सो एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।

महिला थाना पुलिस ने आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (सीजी 11 एएस 1652) एवं चाबी जप्त की। आरोपी की गिरफ्तारी और विवेचना में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर, सहायक उप निरीक्षक विल्फ्रेड मसीह और महिला थाना स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।