रायगढ़: छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और साहित्य की राजधानी रायगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान दर्ज कराई है। जिले के नीतीश उर्फ एन.राघवेंद्र ने देश के प्रतिष्ठित टीवी रियलिटी शो ‘इंडियाज टैलेंट फाइट’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीधे ग्रैंड फिनाले में जगह बनाई।
एन.राघवेंद्र ने मंच पर अपनी प्रस्तुति की शुरुआत रायगढ़ के प्रमुख धार्मिक केंद्र बूढ़ी माई मंदिर और कोसमनारा के सत्यनारायण बाबा का स्मरण करते हुए की। उनकी मधुर और भावपूर्ण गायकी ने जजों और दर्शकों दोनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शो के मुख्य जज, प्रसिद्ध संगीतकार अनु मलिक, ने उनकी प्रस्तुति की प्रशंसा की, जो कलाकारों के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।
एन.राघवेंद्र का वास्तविक नाम नीतीश कुंडे है और वे वर्तमान में रेलवे विभाग में कार्यरत हैं। शहडोल से रायगढ़ स्थानांतरण के बाद से रायगढ़ में निवासरत नीतीश ने बताया कि रायगढ़वासियों का स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी से अपने लिए आशीर्वाद बनाए रखने की अपील की और बताया कि उनके कार्यक्रम के वीडियो शीघ्र ही टीवी चैनल और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किए जाएंगे।
