कांकेर: सरकारी राशन दुकान से 70 क्विंटल चावल गायब, कलेक्टर ने की जांच का आदेश

कांकेर: जिले के ग्राम मूंगवाल में सरकारी राशन दुकान से 70 क्विंटल चावल गायब होने का मामला सामने आया है। यह चावल राशन कार्ड धारकों को वितरित किया जाना था, लेकिन दुकान के सेल्समैन के पास चावल वितरण का कोई रिकॉर्ड नहीं है।

कलेक्टर निलेश महादेव क्षीरसागर ने मामले की जानकारी दी और कहा कि शिकायत मिलने पर इसकी तुरंत जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच निष्पक्ष तरीके से करायी जाएगी।

दुकान के सेल्समैन परमेश्वर तेता ने बताया कि वह पिछले तीन साल से दुकान चला रहे हैं और जब उन्हें दुकान सौंपा गया था तब से ही स्टॉक कम था। उन्होंने अधिकारियों को इस बारे में जानकारी भी दी थी।

ग्राम पंचायत के सरपंच जैसारो कोर्रम ने बताया कि सेल्समैन की शिकायत खाद्य विभाग को पहले ही की गई थी और अब अधिकारियों द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है।