राजनांदगांव: जिला न्यायालय को आज सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली, जो न्यायालय की सरकारी ई-मेल आईडी पर भेजी गई थी। धमकी मिलते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर को खाली करवा दिया। वकीलों, न्यायालय कर्मचारियों और आम नागरिकों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया। अचानक हुई इस घटना से परिसर में हड़कंप मच गया।
सुरक्षा को लेकर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। बम स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां न्यायालय परिसर में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर निगरानी रख रहे हैं।
प्रशासन ने सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिए हैं और धमकी देने वाले की पहचान तथा मेल की जांच जारी है। फिलहाल कोर्ट परिसर पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं किया गया है, और स्थिति पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है।
