मनेंद्रगढ़: एमसीबी जिले के खड़गवां विकासखंड के ग्राम लकड़ापारा में सोशल मीडिया विवाद ने एक महिला की जान ले ली। आरोपी पति देवनारायण ने इंस्टाग्राम पर आए मैसेज को लेकर पत्नी रवीना से बहस के दौरान उसे गंभीर चोट पहुंचाई और बाद में मौत को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, पति ने आरोप लगाया कि पत्नी लगातार इंस्टाग्राम पर किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत कर रही थी। बार-बार समझाने के बावजूद पत्नी सोशल मीडिया पर सक्रिय रही, जिससे विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर देवनारायण ने पत्नी को धक्का दिया, जिससे उसका सिर पास में रखी चारपाई से टकराया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद रवीना बेहोश हो गई और नाक से खून बहने लगा।
आरोपी ने शव को गमछे से फंदा बनाकर पंखे से लटका दिया और मौके से फरार हो गया। परिजन इसे आत्महत्या समझ बैठे। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रवीना के सिर की अंदरूनी हड्डी टूटने की पुष्टि हुई, जिससे फांसी से मौत का दावा खारिज हुआ।
पुलिस ने आरोपी देवनारायण को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया के दुरुपयोग और घरेलू विवादों के खतरनाक परिणामों को उजागर किया है।
