कोरबा में ठंड से बुजुर्ग की मौत, यात्री प्रतीक्षालय बना अंतिम ठिकाना

कोरबा: छत्तीसगढ़ में ठंड से तीसरी मौत दर्ज हुई है। कोरबा के सरईसिंगार निवासी हरप्रसाद भैना (55) की लाश कसईपाली यात्री प्रतीक्षालय में मिली। जानकारी के अनुसार, हरप्रसाद मंगलवार को रलिया गांव में छठी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पैदल घर लौट रहे थे।

रात की कड़ाके की ठंड और थकान के कारण उन्होंने प्रतीक्षालय में विश्राम किया, लेकिन सुबह उन्हें मृत पाया गया। मौके की परिस्थितियों और शव की स्थिति से ठंड से मौत होने की संभावना जताई जा रही है। मृतक की पहचान उनके पर्स से हुई, जिस पर उनका नाम और स्थान अंकित था।

इससे पहले अंबिकापुर में भी ठंड के कारण दो लोगों की जान गई थी। वहीं, मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक छत्तीसगढ़ के उत्तरी और मध्य हिस्सों में शीतलहर की संभावना जताई है। राज्य के कई शहरों का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है, और उत्तरी हिस्सों में इसका असर सबसे अधिक देखा जा रहा है। मैनपाट में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

राज्य प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने और ठंड में बाहर निकलते समय गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।