खैरागढ़: करमतरा स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में प्रार्थना सभा के दौरान अचानक 17 बच्चे चक्कर खाकर बेहोश हो गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बच्चों ने स्कूल खुलने से पहले परिसर में लगे रतनजोत के पौधे का फल खा लिया, जो जहरीला होता है।
जैसे ही प्रार्थना शुरू हुई, बच्चों को चक्कर आने लगे और कुछ बेहोश होकर गिर पड़े। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत सभी बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालबांधा लाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।
डॉक्टरों के अनुसार, चार बच्चों की हालत गंभीर रही और उन्हें बेहतर इलाज के लिए खैरागढ़ रेफर किया गया। बाकी बच्चों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उन्हें निगरानी में रखा गया है।
घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में माता-पिता और ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जिला शिक्षा अधिकारी लाल जी द्विवेदी ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है और वे पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
