रायगढ़: नए साल की शुरुआत के साथ ही रायगढ़ जिले में सड़क हादसों का दौर भी शुरू हो गया है। जिले में पिछले तीन दिनों में अलग-अलग घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह चल रहा है और यातायात पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है, लेकिन हादसों को रोक पाना चुनौती बनता जा रहा है।
पहली घटना: फायर ब्रिगेड ऑफिस के सामने ट्रक ने बाइक को कुचला
1 जनवरी की सुबह, कांशीराम चौक निवासी संजय कुमार कुर्मी और लोईंग के केशव मेहर बाइक से ढिमरापुर चौक की ओर जा रहे थे। फायर ब्रिगेड कार्यालय के सामने एक ट्रक ने बाइक को ठोकर मार दी, जिससे पीछे बैठे केशव ट्रक के चक्के के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया।
दूसरी घटना: हाईवा वाहन से टकराकर दो युवकों की मौत
3 जनवरी को लैलूंगा थाना क्षेत्र में, ग्राम तोलमा निवासी डोमिनिक टोप्पो (30) और उसका साथी संजय मिंज (32) बाइक से घर लौट रहे थे। ग्राम बीरसिंघा के पास तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। बाइक से गिरने के बाद दोनों के सिर पर हाईवा का पहिया गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
तीसरी घटना: उर्दना तिराहा में अज्ञात वाहन ने युवक को मारा
2 जनवरी की रात करीब डेढ़ बजे, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के उर्दना तिराहा के पास, भेलवाटिकरा निवासी जीवन बरेठ (28) बाइक पर अपने परिजनों के पास जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन के चालक ने उन्हें ठोकर मार दी, जिससे जीवन की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
प्रशासन की चेतावनी
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, हेलमेट पहनें और वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। अधिकारियों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही ही जिले में लगातार हो रहे हादसों की मुख्य वजह हैं।
