बैकुंठपुर: प्रशासन ने जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा की राइस मिल सहित दो मिलों में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान धान की भारी कमी और अवैध भंडारण का मामला सामने आया।
जानकारी के अनुसार, मोहित की राइस मिल में किए गए भौतिक सत्यापन में पिछले वर्ष का लगभग 500 क्विंटल धान गायब पाया गया। साथ ही, मिल का दो माह का बिजली बिल भी लंबित मिला, जिसे लेकर अधिकारियों ने आपत्ति दर्ज की।
छापेमारी के दौरान कुल 1235 क्विंटल धान गायब होने की जानकारी सामने आई। इसके अलावा, 384 बोरा अवैध धान भी जब्त किया गया। इस कार्रवाई के बाद मिल संचालकों में हड़कंप मच गया।
मोहित पैकरा वर्तमान में जिला पंचायत अध्यक्ष हैं और प्रशासनिक कार्रवाई के बाद मामला जिले में चर्चा का विषय बन गया। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
