रायगढ़: नए साल 2026 की शुरुआत में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रायगढ़ जिले में बड़ी कार्रवाई की है। धर्मजयगढ़ SDM कार्यालय में पदस्थ बाबू अनिल कुमार चेलक को ग्रामीण से 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता राजू कुमार यादव ने बताया कि उसने ग्राम अमलीटिकरा में अपनी जमीन खरीदी थी, लेकिन बाबू अनिल कुमार ने जमीन रजिस्ट्री में कुछ खामियों का हवाला देकर उसे 2 लाख रुपए की रिश्वत देने को कहा। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार किया और ACB से संपर्क किया।
ACB टीम ने ट्रैप की योजना बनाई और 2 जनवरी 2026 को शिकायतकर्ता द्वारा 1 लाख रुपए की राशि देने पर बाबू को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। राशि लेने के बाद आरोपी डर के कारण रकम अपने सरकारी आवास के पीछे फेंकने की कोशिश करने लगा, जिसे ACB टीम ने बरामद कर लिया।
ACB बिलासपुर के डीएसपी अजितेश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
यह दूसरी बार है जब ACB ने नए साल की शुरुआत में बड़ी ट्रैप कार्रवाई की है। पिछले वर्ष 2 जनवरी 2025 को जांजगीर जिले में हथकरघा विभाग के निरीक्षक हरेकृष्ण चौहान को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था।
ACB की इस कार्रवाई से साफ संकेत मिलता है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ एजेंसियां पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हैं।
