पंडरी में राजस्थान का ड्रग्स तस्कर दबोचा गया

नववर्ष की पार्टियों में सप्लाई की थी तैयारी, 23.82 ग्राम MDMA ड्रग्स के साथ गिरफ्तार

रायपुर: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना पंडरी क्षेत्र से राजस्थान के एक अंतर्राज्यीय ड्रग्स तस्कर को 23.82 ग्राम एम.डी.एम.ए. (MDMA) ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी नववर्ष की पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई करने की तैयारी में रायपुर आया था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 03 मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के 05 एटीएम कार्ड और 1,900 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹3.42 लाख बताई जा रही है। मामले में थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 363/25 धारा 21(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

बदली ड्रग्स तस्करों की रणनीति, पुलिस ने कसा शिकंजा

आईजी अमरेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन निश्चय के दबाव में ड्रग्स तस्करों ने अपनी कार्यप्रणाली बदल ली है। जांच में सामने आया है कि अब तस्कर शहरी इलाकों से दूर आउटर एरिया, फार्महाउस पार्टियों और निजी आयोजनों को निशाना बना रहे हैं। साथ ही कम मात्रा में हाई-वैल्यू ड्रग्स की सप्लाई कर जोखिम कम करने की कोशिश की जा रही है।

इसी बदले हुए पैटर्न को ध्यान में रखते हुए रायपुर पुलिस इंटेलिजेंस-ड्रिवन कार्रवाई, माइक्रो-लेवल सर्विलांस और एंड-टू-एंड विवेचना पर काम कर रही है।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी

एण्टी क्राईम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि विज्ञान केंद्र रोड, खान गैरेज के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित मादक पदार्थ लेकर खपाने की फिराक में खड़ा है। सूचना की पुष्टि के बाद एण्टी क्राईम एंड साइबर यूनिट और थाना पंडरी पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर संदिग्ध को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कैलाश बिश्नोई, निवासी जोधपुर (राजस्थान) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से MDMA ड्रग्स बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि वह यह ड्रग्स राजस्थान से रायपुर लाकर सप्लाई करता था और नववर्ष की पार्टियों को लक्ष्य बनाकर आया था।

लगातार कार्रवाई से टूट रहा ड्रग्स नेटवर्क

  • ऑपरेशन निश्चय के तहत लगातार दबाव में अपराधी अपना पैटर्न बदलने को मजबूर

  • बीते 20 दिनों में चंदन ठाकुर, समीर, हर्ष नरेश पांडेय, दिलबाग सिंह, मनीष रोचलानी सहित कई सिंडिकेट का खुलासा

  • पंजाब, महाराष्ट्र, झारखंड, राजस्थान और दिल्ली तक फैले नेटवर्क की कड़ियां उजागर

  • नववर्ष को देखते हुए ड्रग्स तस्करों और नशे के उपयोगकर्ताओं पर कड़ी निगरानी

गिरफ्तार आरोपी

कैलाश बिश्नोई
पिता – सूरजाराम बिश्नोई
उम्र – 30 वर्ष
निवासी – गेनाडियो की धाणी, ग्राम कानासुर
थाना – बाप, जिला – जोधपुर (राजस्थान)

पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा और ड्रग्स के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।