रायपुर: न्यू ईयर ईव से पहले राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। कमल विहार सेक्टर-4 इलाके से चिट्टा (हेरोइन) सप्लाई करने वाले आरोपी मनीष रोचलानी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी नववर्ष के दौरान होने वाली पार्टियों में नशीले पदार्थ खपाने की फिराक में था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एण्टी क्राईम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि थाना टिकरापारा क्षेत्रांतर्गत कमल विहार सेक्टर-04 स्थित शिव मंदिर के पास एक युवक प्रतिबंधित मादक पदार्थ लेकर खड़ा है और उसे बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
18 ग्राम हेरोइन बरामद, कीमत करीब 3.60 लाख
मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर पुलिस ने युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम मनीष रोचलानी, निवासी कमल विहार, टिकरापारा, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 18 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिस को लगातार गुमराह करता रहा, लेकिन बाद में उसने स्वीकार किया कि वह यह हेरोइन पंजाब से लाकर रायपुर में सप्लाई करता था।
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 1043/25, धारा 21(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बताया गया है कि आरोपी मनीष रोचलानी पहले भी लूट के मामले में जेल जा चुका है और दोबारा नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय हो गया था।
नववर्ष पर नशे के नेटवर्क पर सख्ती
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नववर्ष को देखते हुए नशे के सौदागरों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई करने वाले नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
मनीष रोचलानी
पिता – सुनील रोचलानी
उम्र – 26 वर्ष
पता – आई-214, वेलफेयर सोसायटी, सेक्टर-04, कमल विहार
थाना – टिकरापारा, रायपुर
रायपुर पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
