जगदलपुर: कोटपाड़ थाना क्षेत्र के घुमर गांव के पास मवेशियों से भरा एक कंटेनर हादसे का शिकार हो गया। हादसे में 50 से अधिक गायों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, कंटेनर रात के समय कोटपाड़ क्षेत्र से घुमर मार्ग होते हुए अवैध रूप से आंध्रप्रदेश ले जाया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि कंटेनर में मवेशियों की इतनी बड़ी संख्या होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कंटेनर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना की भयावहता इतनी थी कि अधिकांश मवेशियों की जान तुरंत ही चली गई।
हादसे की खबर मिलते ही घुमर गांव और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा अग्निशमन विभाग को सूचना दी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक 50 से अधिक मवेशियों की मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना मवेशियों की अवैध तस्करी होती है। बार-बार विरोध करने के बावजूद अवैध गो-चालान का सिलसिला जारी है। छोटे-बड़े हादसों में कई बेकसूर मवेशियों की जान जा रही है। इस बार एक साथ इतनी बड़ी संख्या में मवेशियों की मौत से घुमर गांव में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध गो-तस्करी को रोकने और सड़क हादसों से मवेशियों की जान बचाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं
