ऑपरेशन साइबर शील्ड: फर्जी सिम के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़, MP का आरोपी गोवा से गिरफ्तार

रायपुर: राजधानी रायपुर की पुलिस ने ‘ऑपरेशन साइबर शील्ड’ के तहत फर्जी सिम कार्ड सप्लायरों पर बड़ा प्रहार किया। रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मध्य प्रदेश के मैहर निवासी आरोपी रामकृष्ण कुशवाहा को गिरफ्तार किया। आरोपी ग्राहकों की जानकारी चोरी कर फर्जी सिम एक्टिवेट करता और उन्हें देशभर के साइबर ठगों को बेचता था।

गोवा से गिरफ्तारी:
सिविल लाइन थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 290/25 की जांच के दौरान आरोपी को गोवा के संगोल्दा (प्राइम रोज) से दबोचा गया।

कैसे होती थी ठगी:
जांच में खुलासा हुआ कि छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों के पीड़ितों के साथ हुई 18.52 लाख रुपये की ठगी में कुल 41 फर्जी सिम कार्ड शामिल थे। आरोपी ‘शिवम मोबाइल’ और ‘रामकृष्ण मोबाइल’ के नाम से POS (प्वाइंट ऑफ सेल) संचालित करता था। उसके पास भारी संख्या में प्री-एक्टिवेटेड सिम बरामद हुए।

‘डबल थंब स्कैन’ का खतरनाक तरीका:
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दो तरीकों से धोखाधड़ी करता था:

  1. E-KYC: ग्राहक नया सिम लेने या पोर्ट कराने आता, तो ‘डबल थंब स्कैन’ या ‘आई ब्लिंक’ (आंख झपकाना) के जरिए एक की जगह दो सिम एक्टिवेट कर लेता।

  2. D-KYC: जिनके पास आधार कार्ड की फिजिकल कॉपी होती, उनके दस्तावेज़ का उपयोग कर फर्जी तरीके से सिम निकाल लेता।

इस खुलासे के बाद पुलिस ने कहा कि इस प्रकार के फर्जी सिम सप्लायरों का नेटवर्क देशभर में साइबर ठगी के लिए रीढ़ की हड्डी है और ऐसे गिरोहों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।