डेढ़ महीने में दोगुना पैसा का झांसा देकर 65 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार!

भानुप्रतापपुर: डेढ़ महीने में रकम दोगुना करने का लालच देकर लोगों को फंसाने वाला शातिर ठग आखिरकार पुलिस के हाथ लग गया। भानुप्रतापपुर पुलिस ने आरोपी विनोद कुमार पांडे को गिरफ्तार किया है, जिसने 65,18,400 रुपए की ठगी की थी।

जानकारी के अनुसार, आरोपी जैविक खाद का प्रचार करता था और वर्ष 2023 में कामेश्वरी नाग से संपर्क स्थापित किया। उसने उन्हें अपने WFT कंपनी में निवेश करने पर डेढ़ महीने में पैसा दोगुना होने का झांसा दिया। आरोपी ने प्रार्थी सहित अन्य लोगों से भारी रकम इकट्ठा की और कंपनी का संचालन खुद द्वारा करने का दावा किया।

पीड़िता की शिकायत पर भानुप्रतापपुर थाना में मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद देशमुख ने आरोपी को पकड़ने के लिए टीम गठित की और बिलासपुर जिले में घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

इस मामले ने निवेशकों में हड़कंप मचा दिया है और पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसे झांसे में आने से पहले सावधानी बरतें।