मोहला-मानपुर: मानपुर ब्लॉक के सीतागांव में आज प्रशासनिक टीम और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसने पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल पैदा कर दिया। वन भूमि से अतिक्रमण हटाने आई टीम और ग्रामीणों के बीच हुई धक्कामुक्की में पुलिस जवानों को भी सक्रिय होना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम ने पूर्व में जारी नोटिस के आधार पर वन भूमि पर बने मकानों और झोपड़ियों को तोड़ने का प्रयास किया। जैसे ही प्रशासनिक अमला पहुंचा, ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
घटना के दौरान ग्रामीणों ने जेसीबी वाहन को मौके से भगा दिया। झड़प में कुछ महिलाओं के चोटिल होने की भी सूचना मिली है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारी संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। मौके पर एसडीएम, तहसीलदार, डीएफओ दिनेश पटेल और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
सीतागांव में फिलहाल तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, लेकिन प्रशासन लगातार हालात पर निगरानी बनाए हुए है।
