अंबिकापुर में चल रहा था ‘जिस्मफरोशी का काला खेल’! होटल बना देह व्यापार का अड्डा, छापेमारी में मैनेजर समेत 7 गिरफ्तार

अनैतिक देह व्यापार मामले में बड़ा खुलासा, होटल मैनेजर व कर्मचारी सहित महिला गिरफ्तार

सरगुजा जिले में अनैतिक देह व्यापार के एक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित होटल के मैनेजर और कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। जांच में स्थानीय होटल प्रबंधन की संलिप्तता सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 नवंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आकाशवाणी चौक के पास एक मकान में अनैतिक देह व्यापार का संचालन किया जा रहा है, जहां युवक-युवतियों से अवैध रूप से वेश्यावृत्ति कराई जा रही है। सूचना की तस्दीक के बाद महिला थाना अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 17/2025 धारा 3, 4, 5, 7 अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम 1956 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान आकाशवाणी चौक के पास स्थित एक मकान से एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर 10 नवंबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। आगे की जांच में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार महिला का पति सुनील कुमार भी इस अपराध में सहयोगी है। जानकारी सामने आई कि महिला ग्राहकों की तलाश करती थी, जबकि उसका साथी हेमंत दास लड़कियों को ग्राहकों तक लाने-ले जाने का कार्य करता था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिनांक 13 दिसंबर 2025 को सुनील कुमार निवासी मयापुर जिला सरगुजा, हेमंत दास निवासी तेलसखरिया थाना दरिमा सहित एक अन्य महिला को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 14 दिसंबर 2025 को अंबिकापुर स्थित एक मकान से एक और महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए 19 दिसंबर 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि अंबिकापुर अर्बन चौपाटी के पास स्थित आर्यन होटल के मैनेजर और कर्मचारी इस अनैतिक गतिविधि में संलिप्त हैं। पूछताछ और साक्ष्यों की पुष्टि के बाद आर्यन होटल के मैनेजर मौजी लाल जायसवाल तथा होटल कर्मचारी एकलव्य पैकरा के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। साथ ही एक संलिप्त महिला को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस ने बताया कि प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए गिरफ्तार आरोपियों की तस्वीरें सार्वजनिक नहीं की जा रही हैं। मामले में आगे की विवेचना जारी है।