अग्निवीर भर्ती रैली की तैयारी तेज……. सीईई में सफल अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी, जनवरी 2026 में धमतरी में होगा चयन…

रायपुर/कोंडागांव।
भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के तहत आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) में सफल अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। इन अभ्यर्थियों के लिए जनवरी 2026 में छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर द्वारा दी गई है।

उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना की ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा का आयोजन 30 जून से 10 जुलाई 2025 के बीच किया गया था। इस परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ही आगामी चरणों—शारीरिक दक्षता परीक्षा, चिकित्सकीय परीक्षण एवं अन्य भर्ती प्रक्रियाओं—में शामिल होने के पात्र होंगे।

10 से 24 जनवरी 2026 तक धमतरी में भर्ती रैली

सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के अनुसार, छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के पुरुष उम्मीदवारों के लिए अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन 10 जनवरी से 24 जनवरी 2026 तक धमतरी जिले के इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा।
इस भर्ती रैली में निम्न श्रेणियों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी—

  • अग्निवीर जनरल ड्यूटी

  • अग्निवीर तकनीकी

  • अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर

  • अग्निवीर ट्रेड्समैन (कक्षा 8वीं एवं 10वीं उत्तीर्ण)

भर्ती रैली में केवल वही उम्मीदवार शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने CEE परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।

एडमिट कार्ड वेबसाइट और ई-मेल पर उपलब्ध

सेना भर्ती कार्यालय ने बताया कि योग्य अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट
👉 www.joinindianarmy.nic.in
पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसके अलावा, अभ्यर्थियों की पंजीकृत ई-मेल आईडी पर भी प्रवेश पत्र भेजे गए हैं।

भर्ती रैली के दौरान उम्मीदवारों को—

  • एडमिट कार्ड

  • सभी आवश्यक शैक्षणिक एवं अन्य दस्तावेज

  • आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर

साथ लाना अनिवार्य होगा। दस्तावेजों की कमी होने पर भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

You missed