DSP तोमेश वर्मा पर हमला मामला….रेप का आरोप लगाने वाली महिला निकली हमले की साजिशकर्ता, 400 किमी दूर से पहुंचकर की जानलेवा वारदात

दंतेवाड़ा: सुकमा जिले में पदस्थ DSP तोमेश वर्मा पर हुए जानलेवा हमले के मामले में बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हमला करने वाली महिला वही है, जिसने करीब एक साल पहले DSP पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। महिला दुर्ग जिले की रहने वाली है और शादीशुदा बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 19 दिसंबर को DSP तोमेश वर्मा कोर्ट संबंधी कार्य से सुकमा से दंतेवाड़ा आए थे। इसी दौरान बीच शहर में एक महिला और उसके पुरुष साथी ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में DSP गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

400 किलोमीटर दूर से रची गई साजिश

पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला और उसका साथी दुर्ग जिले से करीब 400 किलोमीटर का सफर तय कर पहले सुकमा पहुंचे और वहां DSP की रेकी की। एक दिन बाद, जब DSP सुकमा से लगभग 80 किलोमीटर दूर दंतेवाड़ा कोर्ट आए, तो आरोपी भी पीछे-पीछे दंतेवाड़ा पहुंच गए।

दंतेवाड़ा के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बाइक शोरूम के पास DSP रुके थे। इसी दौरान महिला उनसे बात करने के बहाने पास पहुंची। बातचीत के दौरान मौका पाकर महिला के दोस्त रमाशंकर साहू (रिटायर्ड फौजी) ने पीछे से DSP के गले पर चाकू से वार कर दिया।

गंभीर घायल DSP ने दिखाई बहादुरी

हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद DSP तोमेश वर्मा ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी से संघर्ष किया और उसे जमीन पर गिरा दिया। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग भी मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ने में मदद की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पहले भी दर्ज करा चुकी थी FIR

पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला ने करीब एक साल पहले दुर्ग जिले के मोहननगर थाना में DSP तोमेश वर्मा के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कराया था। उसी महिला द्वारा अब अपने पुरुष मित्र के साथ मिलकर यह जानलेवा हमला किए जाने की बात सामने आई है।

दोनों आरोपी हिरासत में

दंतेवाड़ा पुलिस ने महिला और रमाशंकर साहू दोनों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ जारी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमले की साजिश कब और कैसे रची गई तथा इसमें कोई और व्यक्ति शामिल तो नहीं है।

इस सनसनीखेज घटना के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है।