CG BREAKING: सुकमा के जंगलों में भीषण मुठभेड़, 3 खतरनाक नक्सली ढेर – इलाके में अब भी गूंज रही गोलियों की आवाज!

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। नक्सल प्रभावित इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। थाना गोलापल्ली क्षेत्र के घने जंगल और पहाड़ी इलाके में हुई इस मुठभेड़ में अब तक तीन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि सुकमा पुलिस ने की है।

सूत्रों के मुताबिक, माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की टीम ने गोलापल्ली इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। जवानों के जंगल में घुसते ही नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।

सुबह से ही इलाके में रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है। घने जंगल और पहाड़ी इलाके के कारण ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। सुरक्षाबल पूरी सतर्कता के साथ मोर्चे पर डटे हुए हैं और अतिरिक्त बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

मुठभेड़ के दौरान मारे गए तीनों नक्सली किस्टाराम एरिया कमेटी के सदस्य बताए जा रहे हैं, जिनमें एक महिला नक्सली भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, तीनों की शिनाख्त कर ली गई है।

ढेर हुए नक्सलियों की पहचान:

  1. माड़वी जोगा उर्फ मुन्ना उर्फ जगत – एसीएम, किस्टाराम एरिया कमेटी

  2. सोढ़ी बंडी – एसीएम, किस्टाराम एरिया कमेटी

  3. नुप्पो बजनी – एसीएम, किस्टाराम एरिया कमेटी (महिला नक्सली)

सुकमा पुलिस ने बताया कि फिलहाल ऑपरेशन जारी है और इलाके की पूरी सघन तलाशी ली जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि मुठभेड़ स्थल के आसपास और भी नक्सली छिपे हो सकते हैं।

इस एनकाउंटर को नक्सल मोर्चे पर सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।