CG BREAKING: टाइगर रिजर्व में घुसपैठ! जंगल काटते पकड़े गए 53 लोग, कुल्हाड़ियों के साथ मच गया हड़कंप

धमतरी। छत्तीसगढ़ के सीतानदी टाइगर रिजर्व से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जंगल पर कब्जे की साजिश को वन विभाग ने समय रहते नाकाम कर दिया। कोंडागांव जिले से आए 53 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो प्रतिबंधित वन क्षेत्र में पेड़ों और झाड़ियों को काटकर अतिक्रमण की कोशिश कर रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी महानदी कैचमेंट एरिया और हाथी-तेंदुआ वन्यप्राणी रहवास क्षेत्र में बिना अनुमति दाखिल हुए थे। सभी आरोपी कुल्हाड़ी लेकर जंगल में घुसे और छोटे-छोटे पेड़-पौधों की कटाई शुरू कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही सीतानदी, अरसीकन्हार और संबंधित परिक्षेत्रों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और बड़ी संख्या में आरोपियों को धर दबोचा। आरोपियों के पास से 53 कुल्हाड़ियां जब्त की गईं।

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उप निदेशक वरुण जैन ने बताया कि सभी 53 आरोपियों को 14 दिन के न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इनके खिलाफ वन्यप्राणी (संरक्षण) अधिनियम 1972 और भारतीय वन अधिनियम 1927 की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के अपराधों में 3 से 7 साल तक की सजा का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि बीते 3 वर्षों में 750 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है, लेकिन इसके बावजूद जंगल पर कब्जे की कोशिशें लगातार सामने आ रही हैं।

इस घटना ने एक बार फिर वन्यप्राणियों की सुरक्षा और जंगलों पर मंडराते खतरे को उजागर कर दिया है। टाइगर रिजर्व प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जंगल से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।