सरगुजा में पिकअप पलटा, गौ तस्करी का खुलासा, 4 गौवंशों की मौत

सरगुजा: जिले के बतौली–बगीचा मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन पलटने से गौ तस्करी का मामला सामने आया है। हादसे में वाहन में सवार 9 गौवंशों में से 4 की मौत हो गई, जबकि 5 गंभीर रूप से घायल हुए।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के बाद पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि वाहन में गौवंश ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे। घटना के बाद पिकअप चालक और तस्करी में शामिल आरोपी फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही गौ सेवक और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर घायल गौवंशों को वाहन से बाहर निकाला और उनका उपचार कराया।

बतौली थाना पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें गौ तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।