सूरजपुर में बड़ा हादसा: कोल्ड स्टोरेज की दीवार गिरने से 3 मजदूरों की मौत, एक घायल

सूरजपुर: जिले के नयनपुर स्थित मित्तल कोल्ड स्टोरेज में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। काम के दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे उसके नीचे दबकर तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों की पहचान:
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान—

  • विफल (निवासी भटगांव)

  • भोल सिंह (निवासी ग्राम डेडरी)

  • वेद सिंह (निवासी बेल्टिकरी भूमिहारपारा)

जबकि घायल मजदूर सुरेन्द्र (रामनगर) का अस्पताल में इलाज जारी है।

कैसे हुआ हादसा:
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे कोल्ड स्टोरेज में मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार गिर गई, जिसकी चपेट में चार मजदूर आ गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया गया। बाद में इलाज के दौरान एक अन्य मजदूर ने भी दम तोड़ दिया।

प्रशासन मौके पर:
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर एस. जयवर्धन और एसएसपी प्रशांत ठाकुर मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

ग्रामीणों का आक्रोश:
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने “कोल्ड स्टोरेज बंद करो” के नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।