फाइनेंस कंपनी के दफ्तर में भीषण आग

महत्वपूर्ण दस्तावेज और फर्नीचर जलकर खाक

कोरबा: दीपका स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी के शाखा दफ्तर में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात भीषण आगजनी की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी इस आग ने देखते ही देखते पूरे दफ्तर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दफ्तर के फर्नीचर, दराज और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक हो गए। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

रात 12:30 बजे बजा सायरन, दहशत में आए लोग
घटना गुरुवार रात करीब 12:30 बजे कटघोरा रोड, दीपका स्थित कंपनी के ऑफिस में हुई। आग लगते ही दफ्तर में लगा सायरन बजने लगा, जिसे सुनकर आस-पास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। उन्होंने देखा कि कार्यालय से तेज़ लपटें उठ रही थीं। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी ने तुरंत अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए दमकल विभाग को सूचना दी।

तीन दमकल वाहनों ने किया रेस्क्यू
सूचना मिलते ही दमकल विभाग के एक के बाद तीन वाहन मौके पर पहुंचे। लगातार तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया जा सका। लेकिन तब तक दफ्तर का अधिकांश सामान पूरी तरह नष्ट हो चुका था।

आसपास की दुकानों तक फैल सकती थी आग
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि पास की दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं। समय पर दमकल की टीम पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस ने जांच शुरू की
दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।