महिला की मौत, 12 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल
बिलासपुर: सरकंडा थाना क्षेत्र के खपराखोल गांव में देर रात हाथी के हमले की दर्दनाक घटना सामने आई है। धान की रखवाली कर रही एक महिला की हाथी के हमले में मौत हो गई, जबकि उसके 12 वर्षीय बेटे को गंभीर चोटें आई हैं। बच्चे का इलाज अस्पताल में जारी है।
आंगन में रखे धान की कर रही थी रखवाली
जानकारी के मुताबिक किसान लेढ़वाराम यादव ने खेत से धान की मिंजाई कराई थी, जिसे घर के खुले आंगन में रखा गया था। धान की सुरक्षा के लिए उनकी पत्नी कुमारी बाई (53) और बेटा दुर्गाप्रसाद (12) टेंटनुमा आश्रय बनाकर वहीं रात भर सो रहे थे।
सुबह 5 बजे गांव में दाखिल हुआ हाथी
सुबह करीब 5 बजे बैमा तालाब की दिशा से एक हाथी गांव में घुस आया। हाथी ने खेत और बाड़ी में रखीं सब्जियों व फसलों को नुकसान पहुँचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर कुमारी बाई बाहर निकलीं और उन्होंने आवाजें निकालकर हाथी को मवेशी समझकर भगाने की कोशिश की।
हाथी ने किया जानलेवा हमला
जैसे ही महिला पास पहुँची, हाथी ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमले में कुमारी बाई की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं साथ में मौजूद उनका बेटा दुर्गाप्रसाद भी गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से घायल बच्चे को अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।
