रायपुर: राजधानी रायपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक मजदूर युवक का अपहरण कर उसके साथ यौन शोषण किया गया। आरोपी ने पीड़ित की पिटाई कर उसका वीडियो रिकॉर्ड किया और फिरौती की मांग की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद आरोपी गोविंद उर्फ गोविंदा धृतलहरे को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पीड़ित युवक ने बताया कि वह रामानुजगंज से मजदूरी के लिए गुजरात के सूरत जा रहा था और ट्रेन पकड़ने रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा था। इसी दौरान आरोपी गोविंद ने उसे बस या ट्रेन की कनेक्टिविटी दिलाने का भरोसा दिलाकर बाइक में बैठा लिया और शहर से दूर किसी अज्ञात स्थान पर ले गया। वहां उसने युवक को कमरे में बंद कर पीटा और जबरदस्ती अप्राकृतिक कृत्य किया।
आरोपी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड किया और इसे पीड़ित के परिजनों को भेज कर डेढ़ लाख रुपये की फिरौती मांग की। रकम न देने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और पीड़ित की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
