नाइट शिफ्ट के बाद लापता हुई स्टाफ नर्स अभिलाषा जॉन, छत पर मृत अवस्था में मिला शव
बलौदाबाजार: जिले के कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। स्वास्थ्य केंद्र की छत पर काम करने वाली स्टाफ नर्स अभिलाषा जॉन का शव मिलने से पूरे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। सोमवार सुबह से ही नाइट शिफ्ट के बाद उनका संपर्क टूट गया था, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
लोकेशन ट्रेस कर पहुंची पुलिस, छत पर मिला शव
नाइट ड्यूटी खत्म होने के बाद अभिलाषा से पूरे दिन संपर्क नहीं हो पाया। बार-बार फोन लगाने पर भी कॉल रिसीव नहीं हुई। परिजनों और सहकर्मियों की चिंता बढ़ने पर थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज की गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने उनका मोबाइल ट्रेस किया, जिसमें आखिरी लोकेशन स्वास्थ्य केंद्र की छत पर मिली।
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो उन्होंने देखा कि युवती छत पर मृत पड़ी थी और आसपास उसका सामान बिखरा हुआ था। प्रारंभिक जांच में पुलिस जहर सेवन कर आत्महत्या किए जाने की संभावना जता रही है।
जांच में जुटी पुलिस, कारणों की तलाश
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन कर रही है कि नर्स ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया।
